बलिया में चचेरे भाईयों की तलाब में डूबने से मौत, हड़कंप
बलिया: जिले के दोकटी थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर कोड़रहा गांव में स्थित भांगड़ तालाब में बुधवार दोपहर दो चचेरे भाईयों की डूबने से मौत हो गई. इस घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
रामपुर कोड़रहा गांव निवासी संजय यादव का छह वर्षीय पुत्र विक्की और अजय यादव का पांच वर्षीय पुत्र दुर्गेश दोपहर ही घर पर नहीं आए थे. परिवार के लोग उनकी खोजबीन में जुटे हुए थे, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका.
इसी गांव के कुछ बच्चों ने बताया कि वे तो भागड़ में नहा रहे थे. यह सुनते ही परिवार और गांव के लोग भागड़ के पास पहुंचे. वहां दोनों के कपड़े तो नजर आए लेकिन वो दोनों कहीं नजर नहीं आए, जिसके बाद अनहोनी की आशंका में परिवार के लोग रोने-पीटने लगे. गांव के लोगों ने बच्चों की खोज शुरू की तो थोड़ी ही देर में उनके शव बरामद हो गए. इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. सूचना के बाद एसएचओ दोकटी पुलिसकर्मियों के साथ गांव में पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
Comments
Post a Comment